वाराणसी, 23 अगस्त, 2024 । पूर्वोत्तर रेलवे राजभाषा विभाग के तत्वावधान में 22 अगस्त, 2024 को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में ‘‘क्षेत्रीय रेलवे हिन्दी नाटक प्रतियोगिता-2024‘‘ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महा प्रबन्धक सुश्री सौम्या माथुर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यालय एवं मंडलों के भी वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता में क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव में वाराणसी मण्डल द्वारा प्रस्तुत नाटक "बड़े भाई साहब" को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। नाट्योत्सव में पूर्वोत्तर रेलवे के 4 दलों मुख्यालय/गोरखपुर, वाराणसी मण्डल, लखनऊ मण्डल, इज्जतनगर मण्डल ने भाग लिया । वाराणसी मण्डल द्वारा प्रस्तुत नाटक "बड़े भाई साहब" कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद द्वारा इसी शीर्षक से रचित कहानी का नाट्य रूपांतरण है । नाटक का निर्देशन अमन श्रीवास्तव ने किया था एवं दल प्रबंधक अजय कुमार सिंह थे । उक्त नाटक में बड़े भाई साहब का किरदार विद्याभूषण तिवारी ने , छोटे भाई का किरदार अमन श्रीवास्तव ने, मित्र मण्डली एवं अन्य किरदारों में श्रीमती अनु रानी राव, विनोद मौर्या, सुश्री शिवानी, अमरजीत, क्षितिज, कृष्णा, सुश्री अर्चना ने भूमिकाएं निभाईं । नाटक में मंच सज्जा,परिधान सज्जा एवं मेकअप का कार्य श्रीमती आशा शर्मा, पियूष, बृजेश एवं श्रीमती लक्ष्मी द्वारा किया गया ।
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने राजभाषा विभाग एवं नाटक मण्डली के कलाकारों को इस उपलब्धी पर अपने कार्यालय में बधाई दी साथ ही राजभाषा अधिकारी नवनीत वर्मा को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया । इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) रोशन लाल यादव, वरिष्ठ मंडल आंकड़ा प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी नवनीत वर्मा, राजभाषा विभाग के कर्मचारी एवं नाटक में प्रतिभागकरने वाले कलाकार कर्मचारी उपस्थित थे ।



