बलिया। सीडीओ ओजस्वी राज ने प्रेसवार्ता से पहले सभी खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि समस्त ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिवों बैठक कराकर ग्रामवासियों को संशोधित मानक एवं सर्वेक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएंगे। इस बैठक में अधिक से अधिक ग्रामवासियों को प्रतिभाग कराएंगे। इस बैठक को पीएमएवाई-जी सर्वे 2024 उन्मुखीकरण गोष्ठी का नाम दिया जायेगा। इसकी फोटोग्राफी कराना अनिवार्य होगा। खण्ड विकास अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत की बैठक की प्रतिभागिता के लिए स्वयं को या अपने अधीनस्थ सहायक विकास अधिकारियों को नामित करेंगे। बैठक का कार्यक्रम इस तरह से बनाया जाय कि पूरे विकास खण्ड की बैठक अधिकतम एक सप्ताह में समाप्त हो जाय। इस विशेष प्रयोजन के लिए प्रत्येक गांव में एक रजिस्टर बनाया जाए, जिसे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण लाभार्थी चयन-2024 रजिस्टर कहा जाएगा। इस चयन से जुड़ी प्रत्येक पहलू की जानकारी इस रजिस्टर में दर्ज की जाएगी।
यह भी निर्देश दिया कि खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड मुख्यालय पर सभी ग्राम प्रधान, सचिव, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ बैठक कर आवास के सर्वेक्षण एवं नये मानक के सम्बन्ध में जानकारी देंगे। पात्रता एवं अपात्रता के मानको की ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थान पर वालराइटिंग करायी जाय, जिससे आम लोग इसके बारे में जान सकें। सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण होने तक इस बीच आयोजित होने वाले सभी तहसील एवं थाना दिवसों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के नये मानकों एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी देने की व्यवस्था बीडीओ कराएंगे।



