बलिया। जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित कुमार पाल के आदेशानुसार, श्रीमती नीलम ढाका अपर जनपद न्यायाधीश नोडल अधिकारी लोक अदालत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा हरीश कुमार अपर जनपद न्यायाधीश / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद के समस्त तहसीलदार/सचिव, तहसील विधिक सेवा समिति की प्री- ट्रायल बैठक राष्ट्रीय लोक अदालत 14 सितंबर को व्यापक रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से की गयी।
बैठक में 14 सितंबर को आयोजित आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु विचार विमर्श किया गया तथा लम्बित मामलों का अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण किये जाने हेतु चर्चा की गयी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, हरीश कुमार द्वारा बैठक में उपस्थित तहसीलदार/सचिव, तहसील विधिक सेवा समिति को उनके क्षेत्राधिकार से सम्बन्धित राजस्व वादों का सुलह- समझौते के आधार पर अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कराकर, राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये जाने का सुझाव दिया गया एवं अधिक से अधिक वादों का निस्तारण करने पर बल दिया गया। तथा इसी कम में यह निर्देशित किया गया कि लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार, स्थानीय स्तर पर सहयोग प्राप्त करते हुए करें, तथा आम जनता को लोक अदालत के प्रति जागरूक करें। साथ-ही अपने मामले को यथा सम्भव विधिक प्रावधानों के अधीन रहते हुए सुलह- समझौते एवं लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराने हेतु जनता को प्रेरित करें। बैठक में तहसीलदार सदर मनोज कुमार राय, तहसील बेल्थरा रोड व सिकन्दर पुर के तहसीलदार अनिल कुमार, प्रवीण कुमार एवं तहसीलदार बैरिया सुदर्शन कुमार उपस्थित रहे।



