वाराणसी। 23 सितम्बर 2024। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एवं वरिष्ठ आंकड़ा व संसाधन प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में चल रहे राजभाषा सप्ताह के अंतर्गत आज 23 सितम्बर, 2024 (सोमवार ) को 15:30 बजे भारतेंदु सभाकक्ष में सोशल मीडिया के प्रयोग में सावधानी अथवा सूचना क्रांति के युग में हिंदी की दशा एवं दिशा विषय पर हिन्दी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है । इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों एवं विभिन्न स्टेशनों पर कार्यरत कुल 16 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन वरिष्ठ आंकड़ा व संसाधन प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी नवनीत कुमार वर्मा, सहायक सुरक्षा आयुक्त एन.एस तितियाल तथा सहायक विधी अधिकारी राम निहोरा लाल के सदस्यता में सम्पन्न हुआ ।
ज्ञात हो कि राजभाषा सप्ताह के अंतर्गत अगली प्रतियोगिता दिनांक- 24/09/2024( मंगलवार ) को 15:30 बजे से भारतेंदु सभाकक्ष में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी । उक्त प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त कर्ताओं के साथ दो प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में क्रमश: रुपये 1000/-,800/- 600/- एवं 400/- के पुरस्कार मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा दिनांक 27.09.2024 को राजभाषा सप्ताह के समापन समारोह में प्रदान किया जाएगा।
इस आशय की जानकारी अशोक कुमार जन संपर्क अधिकारी,वाराणसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी है।



