बेल्थरा रोड, बलिया। बेल्थरा रोड नगर में आज निकाले गए ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस को दोनों समितियों ने प्रशासन के सहयोग से सकुशल संपन्न करा लिया। इस जुलूस को संपन्न कराने में 21 थानों की पुलिस को लगाया गया था।
बेल्थरा रोड नगर में प्रत्येक वर्ष श्री मानस मंदिर दुर्गा पूजा एवं महावीरी झंडा समिति और यूनाइटेड क्लब दुर्गा पूजा एवं महावीरी झंडा समिति द्वारा महावीरी झंडा जुलूस निकाला जाता है।
ऊंट, हाथी, घोड़े के साथ निकलने वाले जुलूस में क्षेत्रीय जनता सहित पड़ोसी जिलों के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी उच्च डेसीबल क्षमता के डीजे पर युवा थिरकते रहे। जुलूस में राधा कृष्ण सहित विभिन्न झांकियों सहित औघड़ नृत्य भी आकर्षण के केन्द्र रहे।
श्री मानस मंदिर महावीरी झंडा समिति के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा और यूनाइटेड क्लब महावीरी झंडा समिति के मुख्य अतिथि सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर द्वारा फीता काटकर जुलूस को रवाना किया गया। इसी बीच यूनाइटेड क्लब परिसर से निकलने वाले झंडा को बदलने में व्यवधान उत्पन्न हो गया जिसे प्रशासन की सूझबूझ से सुलझा लिया गया।
जुलूस में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को संभालने के लिए 21 थानों की पुलिस का सहयोग लिया गया जिसमें 19 थानाध्यक्ष, 20 उप निरीक्षकों सहित 230 पुरुष व महिला कांस्टेबलों की तैनाती की गई थी।
आज के जुलूस में श्रद्धालुओं के लिए स्वैच्छिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। जामा मस्जिद के सामने लगे स्टाल पर मुस्लिम श्रद्धालुओं ने जुलूस में शामिल लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं को शरबत पिलाया वहीं बाजार के सब्जी वाले दुकानदारों के संगठन "जय बाबा बर्फानी, भूखे को भोजन-प्यासे को पानी" ने लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाया।



