बेल्थरा रोड, बलिया। नगर के चंद्रशेखर उद्यान में वर्षों से प्रतीक्षित पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चंद्रशेखर की प्रतिमा का अनावरण आज पूर्व मंत्री यशवंत सिंह एवं विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू के द्वारा संपन्न हुआ।
वर्षों का इंतजार हुआ खत्म
अपने निर्माण के बाद से ही शहर बेल्थरा रोड और आसपास के लोगों को चंद्रशेखर जी की स्मृति में बने इस पार्क में उनकी प्रतिमा की स्थापना का बेसब्री से इंतजार था। आखिरकार, युवा तुर्क की 98वीं जयंती के अवसर पर यह प्रतीक्षा समाप्त हुई।
भव्य अनावरण समारोह
विधानपरिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू एवं पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने एक भव्य कार्यक्रम में प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरुआत चंद्रशेखर जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि रविशंकर सिंह पप्पू, विशिष्ट अतिथि यशवंत सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह एवं कार्यक्रम संयोजक व एमएलसी प्रतिनिधि रविशंकर सिंह पिक्कू के द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह और वरिष्ठ समाजवादी नेता राम करन यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्मृतियों और विचारों का साझाकरण
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने जननायक चंद्रशेखर जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला और उनसे जुड़े अपने संस्मरण सुनाए।
राजनीतिक मंच पर पारिवारिक रंग एमएलसी पप्पू सिंह ने ब्लॉक प्रमुख को 'मामा' कहकर खींचा ध्यान
अपने संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि रविशंकर सिंह पप्पू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह को मामा कहकर संबोधित किया, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया। अपने बाबा स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह जी को याद करते हुए वे भावुक भी हुए। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे यादगार पल वह था जब उनकी पहली जीत पर उनके बाबा ने भावुक होकर आशीर्वाद दिया था और पूरे इलाके में मिठाइयां बंटवाई थीं, जबकि वे अपनी जीत पर भी ऐसा कभी नहीं करते थे।
चंद्रशेखर जी के विचारों की आज भी प्रासंगिकता
पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने चंद्रशेखर जी को याद करते हुए कहा कि वे अपने समय में जितने तर्कसंगत थे, उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में चंद्रशेखर जी की विचारधारा कहीं अधिक न्यायसंगत और आवश्यक दिखाई देती है। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रशेखर जी की मूर्ति अन्याय के खिलाफ लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
कार्यक्रम का समापन एवं आभार
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख एवं कार्यक्रम अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत और धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में गुमान सिंह, प्रदीप सिंह, रविशंकर सिंह पिक्कू, की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम को मुख्य रूप से पूर्व विधायक गोरख पासवान, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, भाजपा नेता पूर्व मंत्री छट्ठू राम, राणा सिंह, तेजा सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर दीपक सिंह, प्रशांत कुमार मंटू, समरजीत सिंह, परवेज़ हमज़ा गुड्डू, असलम, दानिश आफ़ताब, शक्ति सिंह सोनू, दिलीप सिंह, विश्राम सिंह भाजपा, सुशीला भारती, रीना राव, प्रवीण नारायण, मीरा सिंह, विनोद सेहरा, देवेंद्र गुप्ता, नाजिम हुसैन उर्फ राजू भाई के साथ ही दलीय सीमाओं से परे हजारों की संख्या में सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे और उन्होंने अपने प्रिय जननायक के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।