सिकंदरपुर, बलिया। गुरुवार देर शाम बलिया–सिकंदरपुर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पम्प के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज़ रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो और बाइक की आमने–सामने की टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव निवासी संतोष सिंह डुड्डन (40) और उनके साथी मधुरेंद्र सिंह (38) पिपरा गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम से लौट रहे थे। मुख्य सड़क पर चढ़ते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 10 फीट दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण संतोष सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मधुरेंद्र सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज मऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर खेजुरी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है तथा चालक की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
मृतक संतोष सिंह अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता महिपाल बहादुर सिंह (दारोगा सिंह) का निधन लगभग 15 वर्ष पूर्व हो चुका था। संतोष ही परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियां संभालते थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बलिया–सिकंदरपुर मार्ग पर बढ़ते तेज रफ्तार वाहनों के आतंक पर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त स्पीड कंट्रोल, पुलिस पेट्रोलिंग और सिग्नलिंग व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं को रोका जा सके।
करीबी लोगों के अनुसार, संतोष शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी मौत से परिवार ही नहीं, पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।



