14 व 15 मार्च को उपनिरीक्षक भर्ती लिखित परीक्षा, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

सीसीटीवी, एक गेट से प्रवेश और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करें- डीएम

बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 व 15 मार्च को दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक तथा अपरान्ह 03 बजे से 5 बजे तक जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु रूप से कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास 10 से 12 एंबुलेंस तैनात रखी जाएं। नोडल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लें तथा केंद्र तक पहुंचने की दूरी और समय का भी परीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की समस्या न हो। 
बलिया में 15 केंद्रों पर होगी एसआई भर्ती लिखित परीक्षा, तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा
डीएम ने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को 12 मार्च तक केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश और निकास के लिए एक ही गेट की व्यवस्था हो तथा गेट के सामने भी सीसीटीवी कैमरा लगा होना चाहिए। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टोर रूम की व्यवस्था हो, जहां परीक्षार्थियों के मोबाइल, घड़ी आदि सुरक्षित रखे जा सकें। उन्होंने शौचालयों की साफ-सफाई, बिजली, पंखे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। साथ ही प्रत्येक परीक्षा कक्ष में एक-एक घड़ी लगाने के निर्देश दिए। 
एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, केंद्रों के आसपास साइबर कैफे रहेंगे बंद
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित साइबर कैफे और फोटोस्टेट की सभी दुकानों को 14 व 15 मार्च को बंद रखा जाए, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एडीएम अनिल कुमार, सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।


विज्ञापन