उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता की मौजूदगी में खाद्य कारोबारियों को दिया गया खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण

बलिया। शनिवार को शहर के पैराडाइज डायमंड लॉज के मैरिज हॉल में उत्तर प्रदेश सरकार के तत्वावधान में खाद्य सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के खाद्य पदार्थों से जुड़े व्यापारियों, दुकानदारों और होटल संचालकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान स्वच्छता, गुणवत्ता और सरकारी मानकों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सामग्री को साफ-सुथरे वातावरण में तैयार और संग्रहित करना आवश्यक है तथा एक्सपायरी डेट, पैकिंग और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खाद्य व्यवसायी लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें, खाद्य पदार्थों में मिलावट से पूरी तरह बचें और स्वच्छता के मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि विभाग समय-समय पर निरीक्षण करता है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाती है।
प्रदेश स्तर से आए प्रशिक्षक विवेक पाठक ने फास्ट ट्रैक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा कानून, पैकेजिंग, लेबलिंग और स्वच्छता मानकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, व्यापारी नेता अरविंद गांधी सहित शहर के कई सम्मानित व्यापारियों ने भाग लिया और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं तथा सुझावों पर चर्चा की।
इस दौरान विभाग की ओर से व्यापारियों से अपील की गई कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करें, ताकि आम लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंच सके।

विज्ञापन