एसिड अटैक पीड़ितों के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार मंगलवार को वन स्टाप सेंटर, बलिया में एसिड अटैक पीड़ित व्यक्तियों के अधिकारों के विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने उपस्थित लोगों को ‘उत्तर प्रदेश पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना-2014’ एवं ‘नालसा के एसिड हमलों के पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना-2016’ के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य एसिड अटैक पीड़ितों को शीघ्र कानूनी सहायता उपलब्ध कराना, कानूनी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना तथा मुआवजा योजनाओं तक उनकी पहुंच बनाना है। उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता की आवश्यकता है, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न विधिक योजनाओं एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर वन स्टाप सेंटर के कर्मचारी सहित अन्य पीड़ित व्यक्ति उपस्थित रहे।




विज्ञापन