बलिया। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों बलिया, सिकन्दरपुर, बैरिया, रसड़ा, बांसडीह एवं बेल्थरा रोड के अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का संशोधन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के प्रावधानों के अनुसार निर्वाचक नामावली को अंतिम रूप देकर प्रकाशित कर दिया गया है। यह नामावली संबंधित कार्यालयों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रकाशित मतदाता सूची की एक प्रति संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों में 10 जून 2026 से आम जनता के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने नाम एवं विवरण का अवलोकन कर सकते हैं तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति/सुधार भी कराया जा सकता है।
वहीं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) तथा अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जनपद की त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून 2026 को कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतिलिपि जनसाधारण के अवलोकन एवं निरीक्षण के लिए जिला पंचायत कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), जनपद के समस्त तहसील मुख्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों तथा संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी।
निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची का निरीक्षण कर अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी पात्र मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें।



