बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की।इस अवसर पर कुलपति प्रो. शुक्ल ने विश्वविद्यालय की भविष्य की योजनाओं पर माननीय राज्यपाल से विस्तृत चर्चा की।
विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं शैक्षणिक प्रगति के बारे में कुलपति जी ने माननीया राज्यपाल को बताने के साथ विद्यार्थियों के हित में परिसर में नये रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम चलाने के सम्बन्ध में चर्चा की। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर करने के प्रति प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। माननीय कुलाधिपति महोदया ने विश्वविद्यालय में स्थापित इक्यूबेशन सेल को सक्रिय करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की बात की जिससे विद्यार्थियों एवं नागरिकों के नवाचारी विचारों पर आधारित स्टार्ट अप शुरू किये जा सकें। बलिया में कृषि आधारित प्रसंस्करण उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। विश्वविद्यालय उनके विकास में अपने कृषि संकाय के द्वारा शोध एवं तकनीकी विकास सम्बन्धी अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा। माननीय कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अकादमिक प्रगति के लिए दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन के साथ जीवन में सफल होने की प्रेरणा भी प्रदान करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेएनसीयू बलिया जनपद और आस-पास के क्षेत्र में युवा पीढ़ी को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने का एक महत्वपूर् केन्द्र बनेगा। कुलपति जी ने माननीय राज्यपाल से प्राप्त निर्देशों के पालन की प्रतिबद्धता जताई और उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।



