बलिया। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल विभाग के अंतर्गत संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मानदेय के आधार पर नियुक्त करेगी। चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को ₹ 1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। खेल विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, कुश्ती और तीरंदाजी सहित 16 खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को जोड़ा जाएगा।पात्रता के अनुसार ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स तथा विश्व कप/विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। इन प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भी पात्र होंगे। ऐसे प्रशिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स या विश्व कप में भाग लेने वाली भारतीय टीम को प्रशिक्षण दिया हो।
आवेदन करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना अनिवार्य है।
जिला खेल कार्यालय, बलिया ने जनपद के इच्छुक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से अपील की है कि वे किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित 14 अगस्त 2026 से पूर्व जिला खेल कार्यालय में जमा कर दें।



