बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की ओर से महिला उत्पीड़न की रोकथाम, महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा महिला आवेदकों की सुविधा के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महिला जनसुनवाई एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता चौपाल आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम मूल रूप से 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को आयोजित किया जाना था। बलिया जनपद में जनसुनवाई के लिए राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव को नामित किया गया है।
हालांकि, माननीय सदस्या द्वारा मौखिक रूप से अवगत कराया गया है कि बलिया में प्रस्तावित महिला जनसुनवाई 25 जुलाई के स्थान पर अब 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को आयोजित होगी। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से पीडब्ल्यूडी डाक बंगला, बलिया में संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई के साथ-साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल में संबंधित क्षेत्राधिकारी तथा महिला थाना प्रभारी की भी उपस्थिति रहेगी, ताकि महिलाओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।



