माटीकला बोर्ड द्वारा विभिन्न योजनाओ का गोष्ठी के माध्यम से किया गया प्रचार-प्रसार

बलिया। शुक्रवार को उ०प्र० माटीकला बोर्ड द्वारा प्रचार-प्रसार योजना के अंतर्गत कृषि भवन, बलिया के सभागार में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री संस्कृति गुप्ता की अध्यक्षता में एक दिवसीय माटीकला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता सहानी,  विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य वार्ड नं० १४ राणाकुनाल सिंह, जिला कार्य समिति सदस्य भाजपा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित शिविर में माटीकला व्यवसाय से जुड़े कारीगरों, युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्‍न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला उद्यान अधिकारी एवं उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, बलिया सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि माटीकला क्षेत्र में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं तथा सरकार की विभिन्‍न योजनाओं का लाभ उठाकर कारीगर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा माटीकला प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक तथा बैंक ऋण, एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

विज्ञापन