उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले

पीलीभीत से स्थानांतरित ज्ञानेंद्र सिंह होंगे बलिया के नए जिलाधिकारी, 

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने रविवार देर शाम कई अहम विभागों के अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिवों में बदलाव के बाद सोमवार देर रात 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। 
तबादला सूची में कानपुर नगर, हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर समेत 14 जिलों के जिलाधिकारी शामिल हैं। व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
बलिया के मंगला प्रसाद सिंह को यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ की जिम्मेदारी
जारी सूची के अनुसार पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है।
कानपुर नगर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को हटाकर निदेशक, मंडी परिषद बनाया गया है। कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया डीएम बनाया गया है। हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि विशेष सचिव, राज्य कर राहुल पाण्डेय को हरदोई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। एटा के डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद नियुक्त किया गया है। अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी एवं यूपीडा शशांक चौधरी को अमेठी का नया डीएम नियुक्त किया गया है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण अनुज मलिक को संतकबीरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर आयुक्त, मुरादाबाद दिव्यांशु पटेल को बागपत का डीएम बनाया गया है।
विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति तथा संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) प्रभास कुमार को महोबा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। महोबा की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी बनाया गया है। विशेष सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन नियुक्त किया गया है।
विशेष सचिव, नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का जिलाधिकारी बनाया गया है। हाथरस के डीएम अतुल वत्स को विशेष सचिव, राजस्व नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन तथा कारागार प्रशासन व सुधार अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को विशेष सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन हिमांशु कौशिक को नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया है। मुख्य राजस्व अधिकारी देवरिया विजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, मीरजापुर नियुक्त किया गया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर संतोष बहादुर सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, मैनपुरी बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी, मीरजापुर विशाल कुमार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है।
विशेष सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक तथा महाप्रबंधक, यूपीडेस्को विजय कुमार को उपाध्यक्ष, आगरा विकास प्राधिकरण एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक, आगरा बनाया गया है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण शैलेंद्र भाटिया को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा नियुक्त किया गया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), रामपुर नितिन मदान को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी, मैनपुरी नेहा बंधु को अपर आयुक्त, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन नियुक्त किया गया है। अपर आयुक्त, मनरेगा अमनदीप डुली को नियंत्रक, विधिक बाट-माप बनाया गया है। बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल को विशेष सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा विशेष सचिव, उच्च शिक्षा निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, राज्य कर तथा मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेंद्र पैसिया को विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन चंद्रशेखर को विशेष सचिव, परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

विज्ञापन