पूर्व मंत्री राम गोविन्द चौधरी राजकीय सम्मान के साथ हुए पंचतत्व में विलीन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष को नम आंखों से दी गई विदाई

सिकन्दरपुर, बलिया। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री व कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को रविवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनके पैतृक गांव गोसाईं पुर में अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में जन सैलाब उमड़ पड़ा। 
गांव की गलियों से लेकर मुख्य मार्ग तक उमड़ी भीड़ के कारण गोसाईं पुर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। जगह न मिलने से लोग सड़क पर ही अपने वाहन छोड़कर पैदल ही उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे। 
राम गोविंद चौधरी के अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि मतभेदों को भुलाकर पक्ष -विपक्ष के नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए थे।सभी लोग "रामगोविन्द चौधरी अमर रहे" के नारे लगा रहे थे। गांव के पास सरयू नदी के तट पर स्थित शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। 
अंतिम यात्रा में सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल, विधायक संग्राम सिंह यादव, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक सिकंदरपुर संजय यादव, सपा की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, सपा प्रवक्ता सुनील कुमार पाण्डेय ( कान्ह जी ), पूर्व सपा जिला सचिव समाजसेवी सत्येन्द्र कुमार शर्मा, भाजपा नेता छट्ठू राम सहित हजारों की संख्या में राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुखाग्नि उनके इकलौते पुत्र रंजीत यादव ने दी।

विज्ञापन