रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह
लगभग एक वर्ष से बनी है समस्या, बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान; बड़े आंदोलन की चेतावनी
बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के तहसील बेल्थरा रोड अंतर्गत ग्राम सभा पलिया खास में मुख्य मार्ग के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर व्याप्त गंदगी और जलभराव ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से सड़क की स्थिति खराब है और नाली का गंदा पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है, जिसके चलते आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग गांव के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे स्कूल सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलते हैं, जबकि गांव के बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण भी प्रतिदिन इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर फैली गंदगी और बहते गंदे पानी के कारण फिसलन की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं। कुछ लोगों को हाथ-पैर में चोट लगने की भी बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों को लेकर है। गंदे पानी और जमा कचरे के कारण आसपास अस्वच्छ वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों तथा अन्य लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
प्रतिनिधियों से बार-बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर संबंधित ग्राम प्रतिनिधियों और जिम्मेदार लोगों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क से नाली के गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई और मार्ग को जल्द दुरुस्त नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में ग्रामीण बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश
समस्या लंबे समय से बनी रहने के कारण पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रतिनिधियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर नाली की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और भविष्य में इस मार्ग पर कोई गंभीर हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की होगी।
अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत पर जिम्मेदार अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और करीब एक वर्ष से चली आ रही इस समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।



