कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की फोटो के साथ डिजिटल छेड़छाड़ का मामला, सुभासपा नेताओं ने थाने में दी शिकायत

बेल्थरा रोड, बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की फोटो से कथित तौर पर डिजिटल छेड़छाड़ कर उसे फेसबुक पर आपत्तिजनक रूप में पोस्ट करने का मामला प्रकाश में आया है।मामले में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधानसभा अध्यक्ष डॉ हरी नाथ राजभर सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने आज मंगलवार को उभांव थाने में शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं ने संबंधित फेसबुक यूजर के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्यवाही की मांग की है। 
पुलिस को दिये शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक यूजर मो० कलीम ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर की वास्तविक तस्वीर के साथ डिजिटल छेड़छाड़ कर कथित आपत्तिजनक तस्वीर तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। 
शिकायत के मुताबिक पोस्ट पर हंसने वाले इमोजी लगाए गए हैं और कमेंट में ओमप्रकाश जी लिखकर मंत्री की ओर इशारा किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि तस्वीर को कथित तौर पर जानबूझकर तैयार किया गया जिसे कैबिनेट मंत्री की सामाजिक, सार्वजनिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचे उन्होंने पोस्ट को डिजिटल माध्यम से गलत तरीके से प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डॉ हरी नाथ राजभर ने थाना प्रभारी दिनेश कुमार पाठक को दिए शिकायती पत्र में बीएनएस की धारा 356, बीएनएसएस 222(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले की जांच की मांग की है। शिकायत के साथ-साथ कथित फेसबुक पोस्ट की कॉपी भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। 
वहीं उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

विज्ञापन