मऊ। 05 सितम्बर 2026। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने आज शनिवार (05 सितम्बर 2026) को मंडलीय अधिकारियों के साथ मऊ–आजमगढ़ रेलखंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों एवं समपार फाटकों पर संरक्षा व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं तथा अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में प्रबंधक ने मुहम्मदाबाद स्टेशन पर यात्री सुविधा एवं संरक्षा निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने पुराने पैनल को प्रतीक्षालय कक्ष में स्थानांतरित करने तथा खुले केबल को भूमिगत करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजन की सुविधा के लिए रैम्प एवं शेड की व्यवस्था करने तथा स्टेशन परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद खुरहट स्टेशन पर यात्री सुविधा एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम, प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने मऊ–खुरहट के मध्य किमी सं. 04/27 पर स्थित समपार संख्या 3Spl का संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने समपार फाटक पर बूम लॉकिंग, हाइट गेज, बैटरी एवं रिले रूम की जांच की तथा संरक्षा मानकों का परीक्षण किया। उन्होंने गेटमैन राजकिशोर यादव से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनके संरक्षा ज्ञान की भी परख की।
इसके पश्चात मऊ–खुरहट के मध्य किमी सं. 10/28 पर स्थित समपार संख्या 6C का संरक्षा निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने समपार फाटक पर उपलब्ध संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गेटमैन सूरज यादव से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनके संरक्षा ज्ञान की परख की।
उन्होंने दोनों समपार फाटकों पर निर्धारित संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, मंडल इंजीनियर (सामान्य) लोकेश कुमार सागरवंशी, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक रामजी यादव, सहायक मंडल इंजीनियर (मऊ) सुनील पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर वीरेन्द्र कुमार बोनाल सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।



