महाविद्यालय की मूलभूत समस्याओं को लेकर छात्र ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, 26 नवंबर से आमरण अनशन की चेतावनी

रिपोर्ट - गौहर खान ब्यूरो बलिया 

सिकंदरपुर, बलिया। श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दादर आश्रम में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर एमए प्रथम वर्ष के छात्र सुमित यादव ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन की प्रति बुधवार, 12 नवंबर को प्राप्त हुई।
ज्ञापन में छात्र ने महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में 2,000 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि उनके लिए मात्र एक महिला शौचालय उपलब्ध है। आरोप है कि नियमित साफ-सफाई के अभाव में शौचालय की स्थिति भी बदहाल है, जिससे छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा महाविद्यालय के खेल मैदान की वर्ष 2020 के बाद से साफ-सफाई नहीं कराए जाने और खेल सामग्री उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया है। छात्र के अनुसार, इन अव्यवस्थाओं के चलते विद्यार्थियों की खेल संबंधी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
सुमित यादव ने जिलाधिकारी से खेल मैदान की तत्काल सफाई एवं रखरखाव, आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने, मौजूदा महिला शौचालय की मरम्मत और नियमित साफ-सफाई कराने के साथ छात्राओं की संख्या के अनुपात में एक अतिरिक्त महिला शौचालय का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही शौचालय की नियमित सफाई के लिए महिला सफाईकर्मी की नियुक्ति की भी मांग की गई है।
छात्र ने प्रशासन और महाविद्यालय प्रबंधन को समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिनों का समय दिया है। चेतावनी दी है कि यदि 26 नवंबर 2026 तक महिला शौचालय निर्माण और खेल मैदान की सफाई का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वह आमरण अनशन शुरू करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं महाविद्यालय प्रबंधन की होगी।
विज्ञापन