उत्तर प्रदेश में मौर्य वोटों को साधने के लिए अमरपाल मौर्य
बलिया। आगामी राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु आज भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने देशभर से राज्यसभा के लिए 14 नामों की स्वीकृति प्रदान की है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत 14 नामों में राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर का नाम न होना सबसे चौंकाने वाला है, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए जारी 7 नामों में सकलदीप राजभर का नाम नहीं है। वहीं उत्तर प्रदेश में कोइरी वोटों को साधने के लिए अमरपाल मौर्य के नाम की स्वीकृति दी गई है।
भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति द्वारा आज देश भर से राज्यसभा के लिए जारी नामों में उत्तर प्रदेश से आरपीएन सिंह, डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, श्रीमती साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बिहार से डॉक्टर धर्म शीला गुप्ता और डॉक्टर भीम सिंह ,छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, हरियाणा से सुभाष बराला, कर्नाटक से नारायण कृष्णा सा भांडगे और पश्चिम बंगाल से शामिक भट्टाचार्य के नाम शामिल हैं।