भव्य कलश यात्रा के साथ पंच कुंडीय अद्वैत शिव शक्ति महायज्ञ एवं हनुमान जन्मोत्सव समारोह की शुरुआत

बेल्थरा रोड, बलिया। सर्वेश्वर मानस मंदिर चौकियां मोड़ के तत्वावधान में आज पंच कुंडीय अद्वैत शिव शक्ति महायज्ञ एवं हनुमान जन्मोत्सव समारोह की शुरुआत प्रथम दिन सोमवार की प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। 
यज्ञ स्थल से पिपरौली बड़ागांव मार्ग होते हुए बेल्थरा बाजार स्थित घाघरा नदी से कलश में जल भरकर सैकड़ों बच्चियां व महिलाएं पुनः यज्ञ स्थल पहुंची।
कलश यात्रा के दौरान घाघरा नदी के तट पर यज्ञाचार्य पंडित रेवती रमन तिवारी द्वारा यज्ञ के यजमानों को शरीर शुद्धि तथा आत्म शुद्धि के लिए प्रायश्चित तथा वरुण पूजन करके कलश में जल भरने का कार्य प्रारंभ कराया। तत्पश्चात वापसी में यज्ञ स्थल की परिक्रमा करके सभी कलशों को यज्ञ मण्डप में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया गया।
इस पवित्र कलश यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड बाजा, झंडे, बैनर के साथ पीले वस्त्र धारी हजारों की संख्या में शामिल श्रद्धालु कलश के साथ गगन भेदी नारा लगाते हुए बेल्थरा बाजार की तरफ रवाना हुए थे। घाघरा नदी के तट पर लगभग 1 घंटे तक पूजन विधि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भक्त कलश में जलभर कर करीम गंज, उभांव मार्ग से यज्ञ स्थल पहुंचे।
जल कलश यात्रा के दौरान भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए शर्बत एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुलभ कराई गई थी।
इस मौके पर परम पूज्य स्वामी ईश्वरदास ब्रम्हचारी मौनी बाबा का भक्तों को दर्शन लाभ भी मिला।
पूजन के विधि विधान में सर्वेश तिवारी, उदयभान तिवारी, अवनिंद्र त्रिपाठी, श्याम सुन्दर पांडेय, मधुसूदन शास्त्री, निर्भय नारायण पाण्डेय, आशीष तिवारी, शत्रुध्न आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

विज्ञापन