बेटी की शादी के लिए जुटाए सामान व दो लाख नगदी सहित बेटी के अरमान जलकर खाक

बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के महुआतर ग्राम में बुधवार की दोपहर अचानक लगी आग से दो लाख नगद समेत एक दर्जन लोगों की मड़ई और पक्का घर जल गए। घटना में लाखों रुपए की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे अग्नि शमन दस्ते ने पानी की बौछारों से आग को शांत किया। 
बताया जाता है कि महुआतर ग्राम में बनारसी के घर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बन रहा था इस बीच चूल्हे से निकली चिंगारी ने मड़ई को छू दिया जिससे आग लग गई। हवा के झोंके से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के पक्के घर, मड़ई आदि धू-धू कर जलने लगे। 
इस दौरान बलजीत के घर में रखा दो लाख नगद समेत पुत्री की शादी के लिए रखा सारा गृहस्थी का सामान, कपड़ा, अनाज आदि जल कर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में सत्येंद्र, रमेश, सुरेश, शिव गोविंद, रामसरन, राजेश, रामजन्म, मुखराम, राम करन आदि की रिहायशी मड़ईयां जल गईं तथा उसमें रखा घरेलू सामान जलकर भस्म हो गए। आग की उठती लपटों को देख लोगों ने शोर मचाया और अग्नि शमन केन्द्र को सूचना दी। 
ग्रामीणों के सहयोग से अग्नि शमन दस्ते ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया। तब तक नगदी समेत लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर स्वाहा हो चुकी थी।
इस बीच आग से हुए नुकसान के आकलन के लिए अधिकारियों को आना जाना शुरू हो गया था।


विज्ञापन