वृहस्पतिवार से गायब किशोरी का शव मठिया के करीब सरयू नदी में मिला

सरयू नदी के किनारे स्थित मंदिर में पूजा के बाद से गायब थी किशोरी 

बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के  मठिया के समीप सरयू नदी में एक किशोरी का शव उतराया मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती बीते बृहस्पतिवार को अपने परिवार के साथ मंदिर में पूजा करने गई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। 
बताया जाता है कि मठिया निवासी लाल मोहन राजभर का परिवार वृहस्पतिवार के दिन सरयू नदी के समीप स्थित शिवमंदिर में पूजा करने आया हुआ था। परिवार के साथ उसकी पुत्री खुशबू राजभर (16) भी पूजा करने गई हुई थी। पूजा समाप्त होने के बाद परिवार घर वापस लौट आया। घर पहुंचने पर जब परिजन खुशबू को ढूंढने लगे तो वह गायब मिली। बाद में परिजनों ने आसपास व अन्य स्थानों पर खोजबीन शुरू कर दी, परन्तु उसका कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने घटना की सूचना उभांव पुलिस को दी। पुलिस ने खुशबू की खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान शनिवार को मठिया के समीप स्थित सरयू नदी में एक किशोरी का उतराया शव देखकर ग्रामीण चौंक पड़े। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची उभांव पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से किशोरी का शव नदी से बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान मृतका की पहचान खुशबू के रुप में हुई। पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम  हेतु बलिया भेज दिया।

विज्ञापन