बलिया। जिले में सातवें और अंतिम चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए कल से निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा नामांकन प्रक्रिया के संबंध में उम्मीदवारों/ राजनीतिक दलों के लिए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
7 मई 2024 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी जबकि नाम निर्देशन की अंतिम तारीख 14 मई 2024, नामांकन पत्रों की जांच 15 मई 2024, नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 17 मई 2024 तथा मतदान 1 जून को प्रातः 7:00 से अपरान्ह 6:00 बजे तक होगा ।
इस संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा नामांकन प्रक्रिया के संबंध में उम्मीदवारों / राजनीतिक दलों हेतु महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए गए हैं जिसका अक्षरशः पालन अनिवार्य होगा। 71- सलेमपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नाम निर्देशन पत्र न्यायालय कक्ष, मुख्य राजस्व अधिकारी बलिया से प्राप्त किया जा सकता है और नाम निर्देशन पत्र पूर्ण रूप से भरा हुआ इसी कार्यालय में जमा किया जाएगा जबकि 72- बलिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की नामांकन प्रक्रिया डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट बलिया में होगी।
नाम निर्देशन पत्र 7 मई 2024 से 14 मई 2024 तक पूर्वाह्न 11:00 से अपरान्ह 3:00 बजे तक प्राप्त किये जा सकेंगे जबकि 11 मई 2024 को द्वितीय शनिवार एवं 12 मई 2024 को रविवार के लोक अवकाश होने के कारण नामांकन दाखिल नहीं होंगे।



