बलिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग -31 पर स्थित सहरसपाली चट्टी पर ट्रक (डंफर) से कुचलकर 8वीं के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दो स्थानों पर चक्काजाम कर दिया है। चक्काजाम की वजह से जहां वाहनों की लम्बी कतारें लग गई है, वहीं ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले शिक्षक-कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के सहरसपाली निवासी अवनीश प्रजापति पुत्र नंदलाल प्रजापति निजी स्कूल में कक्षा 8वीं का छात्र था। सोमवार की सुबह वह स्कूल जा रहा था, तभी बेकाबू ट्रक (डंफर) की चपेट में आने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीणों ने सहरसपाली चट्टी व रिंग बंधे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी प्रयास व आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त कराया।



