बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी बस पलटने से बाल-बाल बची

बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, बलिया रेफर 

बेल्थरा रोड, बलिया। सोनौली- बलिया राजमार्ग पर हल्दी रामपुर चट्टी के पास बुधवार की सुबह बाइक को बचाने के प्रयास में बस सड़क से उतरकर पेड़ से टकराने के बाद खड़ी हो गई। इस दौरान बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल बाइक सवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर अवस्था की चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोना डीह से करीब दो दर्जन से अधिक सवारियों को भरकर एक प्राइवेट बस सोनौली- बलिया राजमार्ग होते हुए सिकंदर पुर की ओर जा रही थी। हल्दी रामपुर चट्टी के पास विपरीत दिशा से गलत साइड से तेज गति से आ रहे बाइक को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई तथा सड़क के नीचे उतरकर एक पेड़ से टकराने के बाद खड़ी हो गई। बस की चपेट में आने से बाइक सवार रौनक यादव (22) पुत्र उमेश यादव निवासी कड़सर थाना उभांव जनपद बलिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, मुंह व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सीएचसी सीयर के डा० रोहित गुप्ता द्वारा प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर अवस्था के चलते रौनक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बस पेड़ से नहीं टकराती तो आगे गड्ढे में जाकर पलट गई होती और कई लोगों की असमय जान चली जाती। ऐसे में बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया।


विज्ञापन