खड़े ट्रक में स्कूली पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, एक छात्र की मौत दर्जनों घायल

बलिया । फेफना थानांतर्गत कपूरी एवं टाटा मोटर्स के बीच खड़े ट्रक में पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। इनमें आठ छात्रों की हालत गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां छात्रों का उपचार चल रहा है। वहीं दो बच्चों को वाराणसी रेफर किया गया है। इस घटना के बाद स्कूली बच्चों के घरों में कोहराम मचा हुआ है । घटना प्रातः 07:45 बजे की है।
बताया जा रहा है कि सवारी पिकअप में नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर माल्देपुर के छात्र सवार होकर विद्यालय आ रहे थे। जैसे ही टाटा मोटर्स और कपूरी गांव के बीच उनकी पिकअप पहुंची, अनियंत्रित होकर पिकअप खड़े ट्रक में टकरा गई। इसमें एक छात्र यश प्रताप सिंह पुत्र राकेश सिंह ( उम्र 16 वर्ष ) निवासी लक्ष्मणपुर पिपरा, नरहीं थाना नरहीं जनपद बलिया की मौत हो गई। जबकि दर्जन भर से अधिक छात्र घायल हो गए, जिसमें आठ छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।


विज्ञापन