बलिया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा बलिया जिले में की गई कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। आज आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर भरौली के साथ ही दरौली, जनेश्वर मिश्र पुल, माझी घाट पुल पर भी कार्यवाही की मांग की है।
आजाद अधिकार सेना की प्रवक्ता डॉ नूतन ठाकुर ने आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर द्वारा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के लिखे पत्र को सोशल मीडिया साइट "एक्स" पर पोस्ट किया है।
सत्ताधारी सफेदपोशों पर भी लगाया आरोप...!
उन्होंने अपने पोस्ट में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ द्वारा बलिया जिले के भरौली घाट में किए गए छापे से तमाम ऐसे तथ्य सामने आने का दावा किया जिससे पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पूरी तरह से उजागर हो गया, भरौली घाट बलिया अकेला ऐसा स्थान नहीं है जहां दिन रात इस तरह की अवैध धन वसूली हो रही है। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी के कुछ रसूखदार नेताओं की संलिप्तता की ओर भी इशारा किया है ।
सरिया, सीमेंट, कोयला और लाल बालू पर होती है अवैध वसूली
इन पुलों से गुजरने वाले सरिया, सीमेंट, कोयला और लाल बालू वाले वाहनों से अवैध वसूली की जाती है, उन्होंने भरौली घाट के साथ ही दरौली घाट, जनेश्वर मिश्र सेतु तथा मांझी घाट पुल पर भी इसी प्रकार की समुचित और ठोस कार्यवाही की मांग की है।



