रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह
बेल्थरा रोड बलिया। उभांव थाना अंतर्गत सीयर राजपुर मार्ग पर चक शेखानी ( भीटा ) पंचायत भवन के पास स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा के नहर में पलट जाने के बाद उसके नीचे दब जाने से एलकेजी का छात्र पांच वर्षीय ईशान यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ई-रिक्शा छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से ई-रिक्शा के नीचे दबे बालक को निकाल कर सीएचसी सीयर लाया गया जहां इलाज के दौरान ईशान की मौत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि एमके इंटरनेशनल स्कूल बेल्थरा रोड की स्कूल वैन खराब होने की वजह से ई-रिक्शा द्वारा बच्चों को लाया ले जाया जा रहा था। चिरईया कोट ( मऊ ) निवासी राकेश यादव मिर्जापुर में आर्यावर्त बैंक में मैनेजर है जबकि उनकी पत्नी आकांक्षा यादव प्राथमिक विद्यालय सिसयण्ड कला में सहायक अध्यापिका हैं। आकांक्षा मधुबन मार्ग कृषि मंडी के पास किराए का मकान लेकर रहती हैं, उनका बच्चा कृषि मंडी अपने मकान से विद्यालय जाता था जबकि घर वापसी के लिए अपनी मां के विद्यालय सिसयण्ड कला चला जाता था, वहां से मां बेटे स्कूल बंद होने के बाद साथ आते थे। आज ई रिक्शा चालक कृषि मंडी पशुहारी मार्ग न होकर सीयर-राजपुर मार्ग से गया। उबड़-खाबड़ रास्ता होने की वजह से ई-रिक्शा पलट गई और राकेश व आकांक्षा का इकलौता चिराग बुझ गया।
मृतक की मां ने बताया कि विद्यालय से प्रिंसिपल अस्पताल आयीं तो थीं लेकिन उनसे मिलना मुनासिब नहीं समझा। मृतक की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चों को भी हलकी फुल्की चोटें आईं हैं।
उभांव पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



