बेल्थरा रोड, बलिया। बारिश के मौसम में किसान खेतों में धान की रोपाई करते हुए तो दिखाई देंगे लेकिन बलिया के बेल्थरा रोड तहसील के बरौली में ग्रामीणों ने जो किया उसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। यहां के ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई की और सड़क मरम्मत नहीं होने पर मुख्य मार्ग को जाम करने को चेताया। सड़क का मरम्मत कार्य नहीं होने से ग्रामीण आक्रोशित नजर आए।
ग्रामीणों ने ऐलान किया है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो मुख्य मार्ग को बल्ली लगाकर बंद करेंगे
बलिया के बेल्थरा रोड में बरौली से बसनहीं पुल सड़क मार्ग पर जुटे ग्रामीणों ने अनोखे तरीके से विरोध किया। गड्ढा बनी सड़क पर ग्रामीणों ने धान की रोपाई की।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में शामिल रवि प्रकाश यादव ने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस मार्ग की मरम्मत को लेकर वे मांग करते आ रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही और न ही सरकार सुन रही है, ना ही यहां के जनप्रतिनिधि ।
वहीं अनुज कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम में हालात बेहद खराब हो जाते हैं। गड्ढा बनी सड़क से गुजरना मुश्किल होता है। आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, इसे लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई भी अधिकारी सुनने के लिए तैयार नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस प्रदर्शन के बाद भी विभाग नींद से नहीं जागा, तो 30 दिन बाद ग्रामीणों द्वारा तो मुख्य मार्ग को बल्ली लगाकर बंद करेंगे ।
इस दौरान रवि प्रकाश यादव , विनय यादव, अनुज कुमार गौतम, सुकई यादव, प्रधान धर्मदेव, कृपाशंकर वर्मा, हरेंद्र यादव, समाजवादी दीपक यादव, छोटू, रोशन यादव, चंदन यादव , कृष्ण यादव, अनीश यादव, अनिल प्रजापति, प्रदीप कुमार, राहुल कुमार, हंसनाथ कुमार, सिंटू गुप्ता, मुन्ना गुप्ता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे ।



