सपा-बसपा, कांग्रेस और भीम आर्मी के कार्यकर्ता उतरे सड़कों पर

बलिया। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिए गए फैसले को लेकर आज पूर्व निर्धारित 21 अगस्त को "भारत बंद" हेतु जनपद में विभिन्न जगहों पर सपा, बसपा, कांग्रेस और भीम आर्मी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। कहीं पैदल तो कहीं मोटरसाइकिल से निकले हुजूम से जनपद में जगह-जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जुलूस में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया, नारेबाजी की और नगरों में दुकानों को बंद कराया । इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने अधीनस्थों के साथ खुद तैयारियों को परखा और बंद की आड़ में हिंसा करने की साजिश करने वाले असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटने का निर्देश दिया। बंद को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद में पुलिस मुस्तैद रही। फिलहाल जनपद में स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।


विज्ञापन