मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी ने किया बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण

वाराणसी, 31 अगस्त ,2024। प्रयागराज संगम में लगने वाले आगामी महाकुम्भ मेला-2025 में श्रद्धालुओं की अनुमानित भीड़  के दृष्टिगत मेला में आनेवाले श्रद्धालुओं की सुगमता एवं समुचित  सुविधा प्रदान करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव ने आज दिनांक 31अगस्त 2024  अपने सम्बंधित अधिकारियों के साथ बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खण्ड का विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण  किया । मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज संगम में लगने वाले आगामी महाकुम्भ मेला-2025 में आनेवाले श्रद्धालुओं  की सुगमता एवं समुचित यात्री  सुविधा प्रदान करने हेतु झूंसी एवं प्रयागराज रामबाग स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विनीत कुमार श्रीवास्तव कुम्भ मेले की तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में सम्बंधित अधिकारियों के साथ लगातार  निरीक्षण कर रहे है।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज रामबाग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान  मेला यात्रियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन यात्री आरक्षण केन्द्र,अनारक्षित टिकट काउंटर,अस्थाई फ़ूड एवं वाटर वेंडिंग स्टॉलों, प्रतीक्षालयों,अतिरिक्त प्रवेश और निकास मार्ग,स्थाई एवं अस्थाई प्लेटफार्मों, यात्री शेड, आर सी सी बेंचेस, पैदल ऊपरी गामी पुल, अस्थाई प्रतीक्षालयों, सी सी टी वी सर्विलांस, चारदीवारी एवं भीड़ के समुचित प्रबंधन हेतु नियंत्रण कक्ष तथा यात्री सुविधा विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया और संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। 
इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक ने झूंसी स्टेशन निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सेकण्ड एन्ट्री गेट के सर्कुलेटिंग एरिया में बन रहे यात्री प्रतीक्षालय,बाउन्ड्री वाल,हाई मास्ट लाइट, अस्थाई शौचालय, रात्रि के आने -जाने के लिये अप्रोच सड़क  का गहनता से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करने का  निर्देश दिया ।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने झूंसी-दारागंज के मध्य समपार संख्या 67 का भी संरक्षा निरीक्षण किया । इसी  उपरान्त उन्होंने रेल विकास निगम लिमिटेड के कार्यालय में झूँसी-दारागंज के मध्य गंगा नदी पर बन रहे मेजर रेल  ब्रिज सं 111 का मंडलीय अधिकारियों एवं रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों व इंजीनियरों के साथ प्रगति की समीक्षा की। पुल नं. 111 झुंसी-दारागंज खंड में 24x76.2 मीटर स्पान (लगभग 2 किमी लंबाई) निर्माणाधीन है। सभी गर्डर लांच हो चुके हैं। दोनों सिरों पर डक्ट के माध्यम से गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा हो गया। झूंसी-प्रयागराज रेल खंड में 95% फार्मेशन वर्क पूरा हो गया। ब्रिज नंबर 118 पूरा हुआ, ब्रिज नंबर. 120 पर कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान,वरिष्ठ मंडल सिंगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस रामकृष्णन,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय अनुज वर्मा,मंडल विद्युत इंजीनियर रामदयाल,सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) हीरा लाल तथा जन सम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार सहित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

विज्ञापन