बेल्थरा रोड। रक्षाबंधन पर्व पर सोमवार को ननिहाल रसड़ा से राखी बांधकर मामा के साथ बाइक से वापस अपने घर अवायां आ रही 20 वर्षीय युवती की नगरा मार्ग पर फरसाटार गांव के समीप चार पहिया वाहन के धक्के से घटना स्थल पर मौत हो गयी। जबकि मामा और नानी गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव निवासी प्रगति ( 20 वर्ष ) पुत्री नन्दलाल वर्मा अपने ननिहाल रसड़ा से राखी बांधकर मामा गोलू वर्मा (25 वर्ष) और नानी किरण देवी (70 वर्ष ) के साथ बाइक से वापस अपने गांव अवायां आ रही थी। अभी फरसाटार पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से जा रहे चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया जिससे बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सभी घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने प्रगति को मृत घोषित कर दिया। जबकि गोलू वर्मा और किरण देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की ख़बर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।



