पारिवारिक कलह में साइकिल कारोबारी ने की आत्महत्या

बेल्थरा रोड, बलिया। नगर के मालगोदाम रोड के पास एक प्रतिष्ठित साइकिल कारोबारी मो. नौशाद 70 वर्ष का बुधवार की सुबह उनके दुकान में फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से परिजन सन्न रह गए। देखते ही देखते नगर के वार्ड नं 12 के उनके दुकान / आवास पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सीयर पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र प्रजापति भी दलबल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। वृद्ध कारोबारी का शव उनके दुकान में गमछे के सहारे पंखे से लटकता हुआ मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गई। मृतक के छोटे भाई मो० इरशाद के अनुसार उनके बड़े भाई दुकान के ऊपर बने कमरे में ही रहते थे। बुधवार की सुबह दुकान खोलने के लिए दुकान का कर्मचारी जब सीढ़ी से नीचे वाले दरवाजे से दुकान में पहुंचा तो उसकी चीख निकल गई और उसने शोर मचा कर सभी को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि मृतक साइकिल कारोबारी की पत्नी और पुत्र लंबे समय से कानपुर रहते हैं और पारिवारिक विवादों के चलते ही उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत के असली कारणों का पता पुलिस जांच के बाद चल पाएगा फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

विज्ञापन