बलिया। कृषि विभाग द्वारा आफीसर्स क्लब के प्रांगण में बृहस्पतिवार को त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद स्तरीय कृषक खरीफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। आयोजित गोष्ठी के माध्यम से जनपद के किसानों को मक्का की खेती के साथ तिलहनी फसलों की खेती की तकनीक पर विस्तार से चर्चा/ज्ञानवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष कुमार पाण्डेय, अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा के द्वारा की गई। कृषि विज्ञान केन्द्र सोहांव बलिया के वैज्ञानिकों के द्वारा किसानों को मक्का, तोरिया, सरसो के साथ मशरूम की व्यवसायिक खेती के बारे में बताया गया। जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति के द्वारा बीज वितरण पर देय अनुदान, फसल सुरक्षा एवं रसायनों के समुचित प्रयोग पर चर्चा की गयी। उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह के द्वारा जनपद में संचालित कृषि योजनाओं के बारे में कृषकों को अवगत कराते हुए अनुदानित धनराशि की जानकारी दी गयी।
उप कृषि निदेशक के द्वारा अवगत कराया गया कि एक जिला एक उत्पाद हेतु जनपद बलिया से ‘‘सत्तू‘‘ का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को प्रेषित किया गया है, जिसके लिए जनपद में चने की खेती के लिये 10000 हैक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। किसानों से इस सम्बन्ध में अनुरोध किया गया कि ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रफल में चने की खेती की जाए। जनपद में चालू सत्र 2024-25 के लिए सोलर पम्प की बुकिंग चल रही है, किसान भाई अधिक से अधिक संख्या में आन-लाइन टोकन प्राप्त करते हुए योजना का लाभ उठायें। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यकारी अधिकारी (मत्स्य), जिला गन्ना अधिकारी, उप सम्भागीय कषि प्रसार अधिकारी सदर बलिया के साथ कृषि विशेषज्ञ गोपाल राम यादव एवं हरिशंकर वर्मा के द्वारा कृषकों को कृषि सम्बन्धी जानकारी उपलब्ध करायी गयी।



