बलिया। कुलाधिपति ने जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट वितरित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कुल 24 विद्यार्थियों को शैक्षणिक किट एवं फलों की टोकरी देकर उनकी हौसलाआफजाई की। इसके अलावा विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, भाषण व कहानी प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया। प्राइमरी स्कूल के छात्र-छात्राओं की बनाई पेंटिंग की भी खूब सराहना की।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों के पुस्तकालायों के लिए राजभवन से आई पुस्तकों को प्रधानाध्यापकों को भेंट किया। उन्होंने जिलाधिकारी को भी राजभवन से आई पुस्तक भेंट की तथा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए राजभवन से आए हेल्थ किट सीडीओ को भेंट किया। कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय की स्मारिका ‘सृजन‘ समाचार पत्रिका ‘अन्वीक्षण‘ एवं अन्य पुस्तकों का विमोचन किया।



