जौनपुर में सड़क हादसा, उभांव थाना क्षेत्र के भीटा भुवारी निवासी स्कार्पियो चालक सुनील यादव की मौत

हादसे में स्कार्पियो में सवार मां-बेटे की मौत पिता ज़िन्दगी और मौत से जूझ रहा 
 
बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के भीटा भुवारी निवासी 35 वर्षीय युवक की सोमवार की शाम जौनपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही इस दुर्घटना में मां-बेटे की मौत हो गयी और पिता गम्भीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजन जौनपुर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मंगलवार की शाम शव लेकर भीटा भुवारी पहुंचे। शव देखकर घर की महिलाएं चित्कार उठीं, मृतक सुनील की पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शव आने के बाद परिजन आनन-फानन में अंतिम संस्कार के लिए तुर्तीपार श्मशान घाट लेकर चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उभांव थानांतर्गत भीटा भुवारी निवासी सुनील यादव (35 वर्ष) पुत्र साहब दयाल यादव खुद की स्कार्पियो से किसी कार्यवश जौनपुर जा रहा था। बीच रास्ते मे सवारी के रूप में एक दम्पति और उसके पुत्र को बैठा लिया। अभी जौनपुर से 10 किलोमीटर पहले ही था कि तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर पुल से नीचे पलट गई। जिसमें चालक सुनील यादव और वाहन में सवार मां-बेटे की घटना स्थल पर मौत हो गयी। जबकि गम्भीर रूप से घायल महिला का पति एक प्राइवेट अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहा है। सड़क दुर्घटना में सुनील यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुनील की एक पांच माह की लड़की है।

विज्ञापन