बेल्थरा रोड, बलिया। आदर्श नगर पंचायत बेल्थरा रोड वार्ड नंबर 5 से सभासद मो० सद्दाम ने आज पात्र गृहस्थी राशन कार्ड से पात्र व्यक्तियों का नाम काटने से संबंधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी बेल्थरा रोड को सौंपा।
राशन कार्ड से पात्र व्यक्तियों के नाम काटने व अपात्रों को राशन कार्ड जारी करने का सिलसिला लगातार जारी है। आज बेल्थरा रोड तहसील पहुंचकर आदर्श नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 के सभासद मो० सद्दाम ने उप जिला अधिकारी निशांत उपाध्याय से मिलकर पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को खाद्य वितरण से दूर रखने के लिए पात्र कार्ड धारकों का नाम काट दिये जाने और अपात्रों को खाद्य वितरण का लाभ दिए जाने का आरोप संबंधी एक ज्ञापन सौंपा। सभासद ने आरोप लगाया कि आदर्श नगर पंचायत बेल्थरा रोड के सभी वार्डो से पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड धारकों के नाम बड़ी संख्या में काट दिए गए हैं और काटे जा रहे हैं। जिस कार्ड धारक ने पिछले माह राशन लिया था उसका भी नाम काट दिया गया है। कई लोगों का केवाईसी होने के बाद भी राशन कार्ड से नाम काट दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया की बड़ी संख्या में अपात्रों को राशन कार्ड जारी किए गए हैं।
उन्होंने उप जिलाधिकारी से अपात्रों का नाम काटने व पात्रों को राशन कार्ड जारी करते हुए खाद्य वितरण का लाभ देने की मांग की है।



