रेडक्रास हजारों जरूरतमंदों को देगी राहत सामग्री, दिल्ली से बलिया पहुंचा सामान

बलिया। सेवा कार्य सभी करते है लेकिन जो निःस्वार्थ सेवा करते हैं उसे पुण्य कार्य कहते हैं। यह पंक्तियां चरितार्थ होती है मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक निर्भय नारायण सिंह के लिए। जिनके प्रयास की बदौलत बलिया के बैरिया क्षेत्र में भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों को कुछ राहत पहुंचाने हेतु इंडियन रेडक्रास सोसाइटी दिल्ली से भारी संख्या में राहत सामग्री ( किचेन सेट , तारपोलिन , कंबल आदि ) आज बुधवार को बलिया पहुंचा। 
इंडियन रेड क्रास सोसायटी के चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता ने अपने टीम के सदस्यों के साथ बलिया रेलवे स्टेशन से सारा सामान लेकर सुरक्षित जगह पर रखवाया।
इस दौरान संरक्षक सदस्य सरदार सुरेंद्र सिंह खालसा ने बताया कि बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद लोगों की सूची जिला प्रशासन , प्रधान और लेखपालों के सहयोग से तैयार की जा रही है सूची तैयार होने के बाद जल्दी ही सामान का वितरण किया जाएगा।
आजीवन सदस्य अभिषेक राय ने कहा की रेड क्रास पूरे देश में जरूरतमंद और असहाय लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का पुण्य कार्य करता है और इसी क्रम में बलिया जनपद के अंदर राहत सामग्री वितरण का यह कार्यक्रम किया जा रहा है।
इंडियन रेड क्रास सोसायटी के सदस्यों ने इस दौरान मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक निर्भय नारायण सिंह जी को इस पुनीत कार्य के सफल प्रयास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्य रूप से चेयरमैन संजय कुमार गुप्ता , संरक्षक सदस्य सरदार सुरेंद्र सिंह खालसा , DSO/ संरक्षक सदस्य डॉ अभिषेक मिश्रा , आजीवन सदस्य अभिषेक राय, नंदिनी सिंह, आशीष तिवारी, पंकज कुमार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष मंजय सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन