बेल्थरा रोड में दादर एक्सप्रेस के सामने कूद कर वृद्ध ने दी जान

बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थानांतर्गत कुशहा भाड़ गांव के सामने गुरुवार की सांय लगभग 5 बजे एक वृद्ध ने काशी एक्सप्रेस ट्रेन (दादर एक्सप्रेस) के सामने कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। 
घटना के सम्बन्ध में घटना स्थल के आसपास मौजूद बकरी चरा रहे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक काफी देर से रेल पटरी पर बैठा हुआ था। दादर (मुंबई) से आ रही गोरखपुर जाने वाली दादर एक्सप्रेस ट्रेन के सामने वह वृद्ध अचानक कूद पड़ा। अचानक वृद्ध द्वारा कूद कर आत्महत्या करने से मौके पर उपस्थित प्रत्यक्षदर्शी अवाक रह गए, पास पहुंच कर तलाशी लेने के बाद उसके जेब से मिले कागजात के आधार पर उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम सहिया के निवासी के राम अवध के रूप में पहचान की गई। । घटना की सूचना पाकर मृतक राम अवध का पुत्र अजय घटना स्थल पर पहुंच गया। घटना स्थल पर पहुंचे लोगों की मदद से चोटिल समझ कर उसे सीएचसी सीयर में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। घटना की सूचना के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। घटना के कारणों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही पता चल सकेगी।

विज्ञापन