नई दिल्ली। जानी-मानी लोक गायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। दिल्ली के एम्स में उन्होंने 72 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। शारदा सिन्हा की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ी थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उन्हें बिहार की 'स्वर कोकिला' भी कहा जाता था। शारदा सिन्हा ने तमाम छठ गीतों को अपनी आवाज दी थी। छठ पर्व के दौरान उनके इस दुनिया से अलविदा लेने से देश में शोक की लहर है। उनका शव दिल्ली से पटना लाया जा रहा है। आज बुधवार को पटना में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शारदा सिन्हा के पति का हाल ही में ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया था। इसके बाद से ही उनकी तबीयत भी खराब रहने लगी थी। बीते दिनों उन्हें बोन मैरो कैंसर डिटेक्ट हुआ था। जिसके बाद उन का इलाज AIIMS के अंकोलॉजी मेडिकल डिपार्टमेंट में चल रहा था।
बिहार के सुपौल जिले में हुआ था जन्म
शारदा सिन्हा का जन्म 1 अक्टूबर 1952 में बिहार के सुपौल जिले के हुलास में हुआ था। उन्होंने बैचलर ऑफ एजुकेशन और म्यूजिक से MA किया है। उनके पिता सुखदेव ठाकुर शिक्षा विभाग में सीनियर अधिकारी हुआ करते थे। शारदा सिन्हा के पति का नाम ब्रजकिशोर सिन्हा था। हाल ही में ब्रेन हैमरेज से उनकी मौत हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटे का नाम अंशुमान सिन्हा और बेटी का नाम वंदना है।
1974 में पहली बार गाया भोजपुरी गीत
शारदा सिन्हा मुख्य तौर पर मैथिली और भोजपुरी में लोकगीत गाती थीं। उन्होंने 1974 में पहली बार भोजपुरी गीत गाना शुरू किया था। 1978 में शारदा सिन्हा ने पहली बार उग हो 'सूरज देव गाना' रिकॉर्ड किया।
1989 में उनका गाना 'कहे तोहसे सजना ये तोहरी सजानियां' रिलीज हुई। "मैंने प्यार किया" फिल्म से इसी गाने से उनकी बॉलीवुड में एंट्री हुई। शारदा सिन्हा ने समस्तीपुर वीमेन कॉलेज में बतौर प्रोफेसर काम भी किया है। उन्होंने छठ के अलावा शादी, मुंडन, जनेऊ, विदाई और श्रद्धांजलि के गीत भी गाए हैं।
शारदा सिन्हा को 1991 में पद्मश्री अवॉर्ड मिल चुका है। 2000 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया. 2006 में वो राष्ट्रीय अहिल्या देवी अवॉर्ड से सम्मानित हुईं
2015 में बिहार सरकार ने उन्हें बिहार सरकार पुरस्कार से नवाजा। 2018 में भारत सरकार ने शारदा सिन्हा को पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, उ०प्र० के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भारत मीडिया परिवार के तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि.....



