आईआईएम लखनऊ तथा आईआईएम कोझीकोड में अध्ययन के लिए हुआ प्रियांक का चयन, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह 

बलिया। बिल्थरारोड के राजपुर गांव के प्रियांक सिंह ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से प्रतिष्ठित आईआईएम लखनऊ और कोझीकोड में अध्ययन का अवसर प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिछली बार मामूली अंतर से चूक जाने के बाद इस बार उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के राजपुर ग्राम पंचायत में खुशी का माहौल है। गांव के निवासी तेज बहादुर सिंह जी के सुपौत्र और प्रदुम्न सिंह जी के होनहार पुत्र प्रियांक सिंह ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शुमार आईआईएम लखनऊ और आईआईएम कोझीकोड में अध्ययन के लिए चयनित होकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रियांक के पिता, प्रदुम्न सिंह, वर्तमान में वाराणसी में उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता, संगीता सिंह, एक कुशल गृहिणी हैं। प्रियांक बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और उन्होंने अपनी लगन और परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है।
प्रियांक की इस शानदार उपलब्धि पर सीयर ब्लॉक प्रमुख और राजपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य आलोक कुमार सिंह ने भी उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रियांक की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
गौरतलब है कि प्रियांक ने गत वर्ष भी आईआईएम प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी, लेकिन अंतिम चरण साक्षात्कार में उनका चयन नहीं हो सका था। वर्तमान में वे पुणे के प्रतिष्ठित संस्थान आईसीएफएआई से एमबीए की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अपनी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय प्रियांक ने अपने दादा-दादी, माता-पिता, परिवार के सदस्यों, गुरुजनों और अपने दोस्तों को दिया है, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन से उन्होंने यह सफलता प्राप्त की है। प्रियांक की यह सफलता निश्चित रूप से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

विज्ञापन