बेल्थरा रोड, बलिया। आज बृहस्पतिवार को सुभासपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आतिफ जमील के नेतृत्व में नगर पंचायत बेल्थरा रोड के दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पंचायत द्वारा गुमटी, पटरी दुकानों का 100% बढ़ाए गए किराए को संशोधित कर मुनासिब जमा करने को लेकर एसडीएम को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार बेल्थरा रोड को सौंपा।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि गत दिनों तहसील दिवस पर जिलाधिकारी द्वारा नगर के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किए जाने के बाद भी नगर पंचायत बेल्थरा रोड के बोर्ड की बैठक बुलाकर दुकानदारों का किराया कम नहीं किया गया बल्कि शिकायतकर्ता दुकानदारों को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा बढ़ा हुआ किराया शीघ्र नहीं जमा करने पर दुकान का आवंटन रद्द करने संबंधी नोटिस भेज दिया गया।
शिकायत करने पर अधिशासी अधिकारी का कहना है कि तीन-तीन जगहों का चार्ज होने से मेरे पास समय नहीं है जो बोर्ड की बैठक बुलाकर किराया कम किया जा सके।
आज स्थानीय दुकानदारों ने बेल्थरा रोड तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में एसडीएम से मांग की है कि अधिशासी अधिकारी के साथ दुकानदारों की बैठक कराकर बढ़े हुए शुल्क की समस्या का निदान कराया जाय।



