बेल्थरा रोड, बलिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा सिंह की कार्यप्रणाली से आहत "भ्रष्टाचार मिटाओ सेना" के पूर्वांचल अध्यक्ष अमरजीत चौरसिया ने डॉ. पूजा सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि डॉक्टर पूजा सिंह की तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में है, परंतु डॉक्टर सप्ताह में केवल दो दिन ही आती हैं। जांच के नाम पर कमीशन खाना, बाहर की दवा लिखना और अपने चहेते जांच केंद्र से हुई जांच को ही मानना, गलती से कहीं किसी मरीज द्वारा अन्य जांच केंद्र से जांच कराकर लाने पर मरीजों की जांच को फेंक देना और नहीं मानना तो उनकी आदत में ही शुमार हो गया है।
श्री चौरसिया ने आगे कहा कि डॉ. पूजा सिंह अपने आप को सीएमओ समझती हैं। बात-बात पर मरीजों को डांट देना, केंद्र विशेष की ही जांच को स्वीकार करना आखिर क्या दर्शाता है।
उन्होंने सीएम पोर्टल पर कई बार ऑनलाइन शिकायत की परंतु कोई कार्रवाई नहीं होने से कमीशनखोर डॉक्टर के विरुद्ध सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने ही बैठकर अनशन करने की बात कही है।



