प्रभारी मंत्री और डीएम ने किया बाढ़ व कटान क्षेत्रों का निरीक्षण

प्रभारी मंत्री ने दुबेछपरा में बने बाढ़ राहत केंद्र का मन्त्रोंचार के बीच फीता काटकर किया उदघाटन

बलिया। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह के साथ बाढ़ व कटान प्रभावित क्षेत्रों का निरिक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक व बाढ़ विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ ही प्रभावित लोगों को विश्वास दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों को आवश्यक सारी सुविधाएं समय से मुहैया करायी जायेंगी। 
मंत्री ने एनएच-31 के डेंजर प्वाईंटो का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र को आवश्यक निर्देश दिया। दूबेछपरा पहुंचे मंत्री ने हनुमान मंदिर से संचालित होने वाले बाढ़ राहत केंद्र का मन्त्रोंचार के बीच फीता काटकर उदघाटन किया। ग्रामीणों को बताया कि बाढ़ पीड़ितों तत्काल राहत मुहैया कराये जाने को लेकर सरकार दृढ संकल्प है। हमारी सरकार गृह अनुदान से लगायत राहत सामग्री का तत्काल वितरण करा रही है। जिससे आपदा काल में पीड़ितों की पीड़ा कम हो सके। उन्होंने बताया कि इस बार नाव से लगायत अन्य कोई भी समस्या नहीं आने दी जायेगी। सारी व्यवस्था जिला प्रशासन के तरफ से एक सप्ताह पहले आयी बाढ़ में ही पूरी कर ली गयी है। बताया कि एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। लोगों को अनावश्यक किनारों पर न जाने की सलाह दी। 
मंत्री ने डीएम, सीडीओ ओजस्वी राज, एक्सईएन संजय कुमार मिश्र व पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह के साथ एनडीआरएफ की नाव से बाढ़ प्रभावित गोपालपुर, उदयीछपरा, दूबेछपरा बस्ती में जाकर बाढ़ से नुकसान व दिक्कतों का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश साहू, एसडीएम बैरिया आलोक कुमार सिंह, तहसीलदार बैरिया मनोज कुमार राय, एसडीओ बाढ़ खंड एस.के. प्रियदर्शी आदि उपस्थित रहे।

विज्ञापन