बलिया में रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में कई घायल, एक की हालत गंभीर

बलिया। बलिया से बेल्थरा रोड जा रही रोडवेज बस और सिकंदरपुर की तरफ से आ रहे पिकअप वाहन की टक्कर में बस के कई यात्री घायल हो गए जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल थी जिसे सुखपुरा पुलिस की मदद से एंबुलेंस द्वारा बलिया भेजा गया। 
समाचार लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई थी।
घटना के संबंध में घायल रामदुलारे पटेल, निवासी गरगजपुर थाना उभांव जनपद बलिया जिनका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में कराने वाले सहयात्री चंद्रशेखर पुत्र राम सिंह गोंड निवासी गरगजपुर थाना उभांव जनपद बलिया ने बताया कि हम लोग बलिया से रोडवेज की बस से बेल्थरा रोड आ रहे थे कि सिकंदरपुर की ओर से जा रहे अनियंत्रित पिकअप वाहन से सुखपुरा और खेजुरी के बीच असना के पास जबरदस्त टक्कर हो गई जिससे बस और पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, दुर्घटना के बाद बस रोड से नीचे उतरकर पेड़ों से टकराने के बाद रुक गई अन्यथा और भी बड़ा हादसा हो सकता था। बस चालक को भी चोटें आईं हैं।
दुर्घटना में घायल रामदुलारे को सिर में चोट लगी है डॉक्टर ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है जो पंजाब से बलिया स्टेशन उतरकर अपने घर जा रही थी। घायल महिला के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। गंभीर रूप से घायल महिला के साथ उसके दो बच्चे भी थे जिन्हें मामूली चोटे आई हैं।


विज्ञापन