बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना उभांव पुलिस ने आयुष यादव की हत्या में वांछित पांच अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
थाना उभांव पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ में आयुष यादव हत्याकांड से सम्बन्धित अभियुक्तों की गिरफ्तारी व उनके कब्जे से बरामदगी के सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने वीडियो बयान जारी करते हुए बताया कि रविवार (21.12.2025) को समय लगभग 02.45 बजे थाना उभांव पुलिस टीम रात्रि गश्त/वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में मामूर थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि चैनपुर के पास बंधे पर कुछ बदमाश कुछ वाहनों के साथ आएं हैं और मिलकर किसी घटना को अंजाम देने वाले हैं, इस सूचना पर तत्काल थाना स्थानीय पुलिस द्वारा उक्त स्थान पर पहुंच कर चेकिंग/तलाशी का प्रयास किया तो बदमाशों द्वारा अपने को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने के नीयत से हमला कर दिया गया, पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में गोली लगने से बदमाश घायल हो गये ।
घायल बदमाशों द्वारा पुलिस हिरासत में अपना नाम क्रमशः नितिश यादव उर्फ अभय रंजन पुत्र राजमंगल यादव निवासी ग्राम नवादा थाना भीमपुरा जनपद बलिया (उम्र करीब 25 वर्ष) जिसके बाएं पैर में गोली लगी है, आशीष यादव उर्फ सतीश यादव पुत्र जयप्रकाश यादव निवासी विशुनपुर बलेसर थाना भीमपुरा जनपद बलिया (उम्र करीब 22 वर्ष) जिसके दाहिने पैर में गोली लगी है, दिलीप यादव उर्फ राका पुत्र राजेन्द्र यादव निवासी ग्राम कटयां थाना भीमपुरा जनपद बलिया (उम्र करीब 25 वर्ष) जिसके दाहिने पैर में गोली लगी है और राहुल वर्मा पुत्र विंध्याचल प्रसाद निवासी वार्ड नं० 5 बेल्थरा रोड थाना उभांव जनपद बलिया (उम्र करीब 30 वर्ष) जिसके दाहिने पैर में गोली लगी है, बताया गया तथा उन्होंने यह भी बताया कि मेरा एक साथी आनन्द कुमार वर्मा पुत्र राजकुमार वर्मा निवासी डुमरी थाना रामपुर जनपद मऊ उम्र करीब 32 वर्ष जो मौके से फरार हो गया। जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि घायल बदमाशों द्वारा दिनांक 13.12.2025 को बेल्थरा रोड कस्बा में आयुष यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। घायल बदमाश नितिश यादव, आशीष यादव उर्फ सतीश यादव, दीलिप यादव उर्फ राका व राहुल वर्मा का उपचार सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। पकड़े गये बदमाशों के कब्जे से दो चार पहिया वाहन (एक HARIER और एक AURA) व आयुष यादव उर्फ राहुल की हत्या में प्रयुक्त बाइक स्पलेण्डर भी बरामद हुई। अभियुक्तों की जामा तलाशी में एक अवैध पिस्टल 7.82 बोर, एक खोखा कारतूस व दो जिन्दा कारतूस 7.82 बोर, एक अवैध पिस्टल .32 बोर,दो खोखा कारतूस व एक जिन्दा कारतूस .32 बोर, दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन खोखा कारतूस, तीन जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुए हैं ।
अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है ।



