बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. नीरज कुमार सिंह के पिताजी का मंगलवार (23 दिसंबर) को देहावसान हो गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र धीरज कुमार सिंह ने दिया। अंत्येष्टि मणिकर्णिका घाट पर संपन्न हुई। श्री हरिशंकर सिंह वाराणसी के एक ख्यातिलब्ध शिक्षाविद थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में तीन विद्यालयों की स्थापना की। स्वर्गीय हरिशंकर सिंह जी अनारकली बालिका इंटर कॉलेज, ग्राम पूराशिव, जनपद वाराणसी के प्रबंधक और श्री राम चरित मानस जूनियर हाई स्कूल के संस्थापक एवं अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य थे। स्वर्गीय हरिशंकर सिंह के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।
उनका पूरा जीवन शिक्षा के प्रचार प्रसार में लगा रहा। वे अपने पीछे भरा - पूरा संयुक्त परिवार छोड़ कर गए हैं। उनके निधन से न केवल परिवार और क्षेत्र बल्कि विश्वविद्यालय परिवार एवं शैक्षणिक जगत को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति, कुलसचिव, समस्त आचार्यगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र–छात्राओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



